क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर राशन प्राप्त करने के लिये दिव्यांगजनों को लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आयुक्त दिव्यांगजन कल्याण द्वारा दिव्यांगजनों को उचित मूल्य की दुकानों पर सुविधाजनक तरीके से राशन उपलब्ध कराने के लिये लिखे गए पत्र के पालन में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर दिव्यांगों को राशन प्रदान करने के लिये विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा सभी उचित मूल्यों की दुकानों के लिये स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांगजनों को राशन उपलब्ध कराने के लिये पृथक से काउण्टर लगाएं अथवा उनकी अलग से लाइन लगवाएं, जिससे दिव्यांगजनों को जल्द से जल्द राशन मिल सके। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जो दिव्यांगजन राशन लेने के लिये स्वयं उचित मूल्य की दुकान पर आने में असमर्थ हैं, उनके द्वारा अधिकृत नॉमिनी को प्राथमिकता से राशन उपलब्ध कराएं। जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों पर दिव्यांगजनों को राशन वितरण में प्राथमिकता से संबंधित सूचना पटल लगाने के निर्देश भी दिए गए।