26-Feb-2026
...


बॉलीवुड एक्टर आमिर खान पहुंचे अस्पताल, दिया ताजा अपडेट मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड के दिग्गज लेखक सलीम खान की सेहत को लेकर बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने एक ताजा अपडेट दिया है, जिससे उनके चाहने वालों को राहत मिली है। आमिर खान हाल में अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने सलीम खान के परिवार से मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए आमिर खान ने बताया कि सलीम साहब अभी भी आईसीयू में हैं, जिस वजह से वह उनसे निजी रूप से तो नहीं मिल सके, लेकिन उनकी बेटी अलवीरा से बात हुई। आमिर खान ने भरोसा दिलाया कि सलीम साहब की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस दुआ कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक होकर घर वापस लौट आएं। बता दें 17 फरवरी से अस्पताल में भर्ती सलीम खान से मिलने के लिए जावेद अख्तर, संजय दत्त और शिल्पा शेट्टी जैसे सितारे लगातार पहुंच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सलीम खान का इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनकी मेडिकल स्थिति पर गहराई से जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था। डॉक्टरों ने तुरंत ‘डीएसए’ किया, जिसके बाद अच्छी खबर यह रही कि उन्हें किसी बड़ी सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि, उनकी उम्र और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें कुछ समय के लिए वेंटिलेटर पर रखा गया था। अब राहत की बात यह है कि उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उम्मीद जता रहे हैं कि उनकी रिकवरी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। सलीम खान के लिए पूरे देश में दुआएं हो रही हैं। फिल्म इंडस्ट्री के पुराने साथियों से लेकर नई पीढ़ी के कलाकार तक, हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। अस्पताल प्रशासन और आमिर खान की बातों से यह साफ है कि सलीम खान एक फाइटर हैं और वह बेहतरीन मेडिकल केयर के बीच रिकवर कर रहे हैं। आमिर ने अपनी बातचीत के अंत में सभी फैंस का शुक्रिया अदा किया जो लगातार सलीम खान के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26 ----------------------------------