दोनों हल्द्वानी में मेडिकल की कर रहे पढ़ाई, पुलिस ने की जेवर और बाइक बरामद जौलजीबी,(ईएमएस)। सीमांत धारचूला तहसील के बरम क्षेत्र के तोली गांव में दिनदहाड़े एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवक-युवती एक महिला के गले से करीब डेढ़ तोले सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवक-युवती हल्द्वानी में मेडिकल के छात्र हैं। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 40 साल की ममता देवी, पत्नी प्रेम प्रकाश खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान बाइक से एक युवक और युवती वहां आए। दोनों ने गांव में अपनी मौसी होने की बात कहकर महिला से बातचीत शुरू की और पूछताछ के बहाने उसे उलझाए रखा। बातचीत में युवक ने महिला का मुंह दबा दिया और उसके गले से डेढ़ तोले सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। सोने की चेन की कीमत तीन लाख रुपए बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग की गई और मुखबिर की सूचना पर गौरी पुल क्षेत्र के पास संदिग्ध बाइक को रोककर पूछताछ की गई। मौके पर पीड़िता द्वारा शिनाख्त किए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटे गए जेवर व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सन्नी सिंह (25) निवासी पश्चिमी विहार दिल्ली और हिमानी बोरा (23) निवासी तोली बरम पिथौरागढ़ बताया। दोनों हल्द्वानी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। सन्नी हल्द्वानी में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि हिमानी हल्द्वानी से ही रेडियोलाजिस्ट का कोर्स कर रही है। दोनों की मुलाकात हल्द्वानी में ही हुई। वह हल्द्वानी में पिथौरागढ़ निवासी मेडिकल के छात्र से बाइक लेकर पिथौरागढ़ आए थे। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26 ----------------------------------