० 23 अवैध ठेले हटाए गए, 27 मामलों में 18,000 रुपये का ई-चालान वसूला गया रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित नशा नेटवर्क को ध्वस्त कर मुख्य सरगना मुकेश बनिया को गिरफ्तार किया है। 24 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर एवं सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए पकड़ा। पूछताछ के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक हाइडआउट पर दबिश दी गई, जहां से लगभग 7 किलो 397 ग्राम गांजा, भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे एवं मोशन सेंसर बरामद किए गए। यह ठिकाना पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस था। अब्दुल जाफर के विरुद्ध पूर्व में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। 25/26 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना सिटी कोतवाली की टीम ने नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी, जिसमें कुख्यात आरोपी मुकेश बनिया एवं उसका भाई संजू गिरफ्तार कर उसके पास से लगभग 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा,तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम नशीली गोलियां और मोबाइल फोन जप्त किया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मुकेश बनिया के विरुद्ध अब तक 31 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडागर्दी, मारपीट, अवैध शराब बिक्री एवं एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार रहकर म.प्र., राजस्थान, उत्तरप्रदेश एवं उड़ीसा में लगातार ठिकाने बदल रहा था और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रखा था। उसके भाई संजू के विरुद्ध भी 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं चोरी जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/26 फरवरी 2026