बिलासपुर (ईएमएस)। सिरगिट्टी तिफरा क्षेत्र में पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इन्द्रपुरी तिफरा निवासी शहनाज बेगम (38) ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि लगभग 9 माह पहले अली हसन निवासी तारबाहर ने उनसे 10 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसके लिए उन्होंने अपनी सोने की अंगूठी बेचकर राशि दी थी। लंबे समय तक रकम वापस न करने के बाद हाल ही में आरोपी ने पूरा पैसा लौटा दिया, लेकिन बाद में 2500 रुपये ज्यादा देने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा। आरोप है कि 25 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे अली हसन पीडि़ता के घर पहुंचा और बातचीत के दौरान गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आई समीरा बेगम के साथ भी गाली-गलौच व मारपीट की गई। मामले की शिकायत मिलने पर थाना सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मनोज राज 27 फरवरी 2026