क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) शहर में पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बावजूद गुण्डों का आतंक इतना बढ़ गया है कि वे आधी रात को भी पत्रकारों के घर पर प्राणघातक हमला करने से चूक नहीं रहे हैं। थाना परदेशीपुरा क्षेत्र के शिवाजी नगर में रहने‌ वाले 75 साल के बुजुर्ग पत्रकार हीरालाल वर्मा, रात को 2.30 बजे के करीब घर के अंदर ही सो रहे थे, तभी घर पर कुछ गिरने की आवाज आने पर वे घर के बाहर निकल कर देखने लगे, तो उन्हें यहीं के स्थानीय रजत पिता अनिल तागड़, पार्थ पिता अनिल तागड़ व अन्य घर के बाहर दिखे, तो श्री वर्मा ने उन्हें टोकते हुए पूछा कि तुम लोग यहां क्या कर रहे हों, इतना सुनते ही उक्त युवकों ने पत्थरबाजी करते हुए श्री वर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें सिर में गम्भीर चोट लगी। इसके पश्चात वर्मा के परिजनों ने थाने पर फोन लगाया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया, तब वे थाना परदेशीपुरा पहुंचे और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस उन्हें एमवाय हॉस्पिटल लेकर गयी, जहां वर्मा के‌ सिर में 9 टांके लगे। पुलिस परदेशीपुरा ने प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता धारा 115(2), 296(बी), 3(5) तथा धारा 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में शाम को इन्दौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम, वरिष्ठ पत्रकार संजय त्रिपाठी, नवीन मोर्या, पूर्व पार्षद रमेश घाटे, राहुल निहोरे, सदाशिव यादव काका, प्रकाश महावर कोली, राजकुमार हंस, विजय कुशवाह आदि भी वरिष्ठ पत्रकार हीरालाल वर्मा को लेकर थाने पहुंचे, वहां कर्दम ने कहा कि गुण्डों द्वारा वरिष्ठ पत्रकार वर्मा पर जानलेवा हमला करना, पत्रकार जगत पर हमला है, हम पूरी शिद्दत के साथ श्री वर्मा के दु:ख-सुख में साथ खड़े हैं। हमलावरों को तुरंत गिरफ्तारी की मांग भी की गई। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026