क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा प्रातःकाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान झोन क्रमांक 11 एवं झोन क्रमांक 20 सहित अन्य क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। झोन क्रमांक 11 अंतर्गत जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका, दवा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात झोन क्रमांक 20 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 स्थित जिंसी हाट मैदान एवं अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कडाबीन हाजिरी सेंटर पर उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। आयुक्त सिंघल ने सभी झोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा बाजार, सार्वजनिक स्थलों, चौराहों एवं पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। साथ ही कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026