- परिवार सहित कार में शादी से लौट रहे युवक पर बदमाशो ने किया था हमला भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके की थाना ईटखेड़ी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लबे समय से फरार चल रहे 2 हजार की इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब ढाई माह पूर्व पत्नी के साथ शादी समारोह से लौट रहे युवक पर बदमाशो ने जानलेवा हमला किया था। वारदात के मुख्य आरोपी रूसी खान ने दो दिन पहले कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे विधिवत रूप से गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक सिकंदरी सराए रेलवे स्टेशन थाना बजरिया निवासी रिमशा अली पत्नी दानिश अली (22) विगत 13 दिसंबर 2025 की रात एक शादी समारोह से लौट रहे थे। उसी दौरान कलारी के सामने ईटखेड़ी भैरूपुरा रोड पर आरोपियों सन्नू वजनदार, सकलेन, परवेज उर्फ नाटू, शावेज उर्फ बटाला, जुबैर उर्फ किलकिल, फरदीन व रूसी खान ने चाकू-छुरी व देशी कट्टे से फायर कर दानिश अली की कार रोककर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशो ने उसे जान से मारने की नियत से हमला किया था, इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही शुरू की और आधा दर्जन आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी रूसी खान घटना के बाद से ही फरार था। उसकी तलाश की जा रही थी, पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। इस बीच इनामी आरोपी रूसी खान (31) पिता सफीक खान निवासी गरम गड्डा थाना स्टेशन बजरिया, ने 24 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अदालत से अनुमति प्राप्त कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 26 फरवरी तक का पुलिस रिमांड लेने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल जब्त किए हैं। जुनेद/ 27 फरवरी