:: रावजी बाजार क्षेत्र में देर रात मची अफरा-तफरी; गैस के प्रभाव से स्थानीय लोगों को हुई सांस लेने में तकलीफ :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक कबाड़खाने में सिलेंडर काटने के दौरान हुई गैस रिसाव की घटना में 5 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में गंभीर कठिनाई होने के कारण सभी प्रभावितों को तुरंत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन और राहत दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसाव पर काबू पा लिया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिनेश अग्रवाल के अनुसार, घटना गुरुवार देर रात की है जब एक कबाड़ व्यापारी सिलेंडर को काटने (डिस्मैटल) का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान उसमें से अज्ञात गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसकी गंध फैलते ही आसपास के रहवासियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। एहतियात के तौर पर पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि सिलेंडर के भीतर मौजूद गैस की प्रकृति का पता लगाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती पांचों मरीजों की स्थिति वर्तमान में स्थिर है और वे डॉक्टरों की निरंतर निगरानी में हैं। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया है और कबाड़ संचालक की लापरवाही की जांच की जा रही है। प्रकाश/27 फरवरी 2026