28-Feb-2026
...


-व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के लिए ला रहा दिलचस्प नया ‘स्पॉइलर’ फीचर नई दिल्ली,(ईएमएस)। व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के लिए दिलचस्प फीचर पर काम कर रहा है। यह नया अपडेट खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो ग्रुप चैट में फिल्मों, वेब सीरीज या लाइव मैच से जुड़ी बातें करने में संकोच करते हैं, ताकि बाकी सदस्यों का सस्पेंस खराब न हो। अब व्हाट्सऐप एक ऐसा फीचर लॉन्च कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर अपने मैसेज के किसी हिस्से को छिपा सकेंगे और वह टेक्स्ट तभी दिखाई देगा जब सामने वाला उसे टैप करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक इस फीचर को ‘स्पॉइलर’ नाम दिया गया है। इसकी मदद से टेक्स्ट के चयनित भाग पर एक ग्रे रंग की परत चढ़ जाएगी, जिससे उसकी सामग्री छिपी रहेगी। जैसे ही रिसीवर उस हिस्से पर टैप करेगा, टेक्स्ट खुलकर दिखाई देने लगेगा। यह सुविधा खासतौर पर ग्रुप चैट में उपयोगी रहेगी, जहां अक्सर फिल्म की कहानी, किसी वेब सीरीज का ट्विस्ट या मैच का रिजल्ट अनजाने में ही शेयर हो जाता है। इस फीचर की जानकारी सबसे पहले उसने साझा की जो व्हाट्सऐप के बीटा वर्जन में होने वाले बदलावों पर नजर रखता है। रिपोर्ट के मुताबिक यह फीचर आईओएस टेस्टफ्लाइट बीटा और एंडरॉयड बीटा दोनों वर्जन में दिखाई दिया है, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी इसे सभी प्लेटफॉर्म पर जारी करने की तैयारी में है। नई टेक्स्ट फॉर्मेटिंग सुविधा व्हाट्सऐप के मौजूदा विकल्पों बोल्ड, इटैलिक, स्ट्राइकथ्रू के साथ उपलब्ध होगी। यूजर जिस टेक्स्ट को स्पॉइलर बनाना चाहे, उसे सेलैक्ट करके इस विकल्प को चुन सकेंगे। इसके अलावा, कयास लगाए जा रहे हैं कि ऐप रेडिड की तरह डबल वर्टिकल बार शॉर्टकट भी दे सकता है, जिससे सीधे स्पॉइलर फॉर्मेट लागू हो जाएगा। हालांकि अभी यह फीचर केवल टेक्स्ट के लिए ही सीमित है और मीडिया फाइल्स जैसे फोटो, वीडियो या वॉइस नोट्स में इसकी उपलब्धता को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद यह ग्रुप चैट को अधिक आनंददायक और सस्पेंस-फ्रेंडली बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है। व्हाट्सऐप ने फिलहाल इस फीचर की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन बीटा वर्जन में दिखाई देने से यह साफ है कि कंपनी जल्द ही इसे यूजर्स तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। बीटा फीचर्स का व्यापक रूप से रोलआउट थोड़ा समय ले सकता है, लेकिन आने वाला अपडेट उपयोगकर्ताओं के चैट अनुभव में एक नया मजेदार बदलाव जरूर लाएगा। सिराज/ईएमएस 28 फरवरी 2026