28-Feb-2026
...


कोलंबो (ईएमएस)। टी20 विश्वकप से बाहर होने के बाद से ही श्रीलंकाई क्रिकेट में हड़कंप मचा हुआ है। खिलाड़ियों के साथ ही प्रशंसक भी सकते में है। टीम के पास अपनी घरेलू धरती पर जीत दर्ज करने का अच्छा अवसर था पर वह असफल रही। इससे उसका विश्वकप जीतने का सपना टूट गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने दूसरे सुपर-8 मैच में हार के साथ ही टीम विश्वकप से बाहर हो गयी। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार टीम के कमजोर प्रदर्शन से बोर्ड नाराज है और बड़ी कार्रवाई करने के मूड में है। ये भी कहा जा रहा है कि कप्तान के साथ ही चयनसमित में भी बदलाव किया जाएगा। पूर्व क्रिेकेटर कुमार संगकारा ने भी हार के बाद कहा था कि इस प्रकार से जीत नहीं मिल सकती है और हमें बड़े बदलाव करने होंगे। टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छे तरीके से की थी और लगातार तीन मैच जीते थे पर इसके बाद उन्हें लगातार तीन हार झेलनी पड़ीं। वहीं सुपर-8 में मिली दो हार से टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो गयीं। मुख्च कोच सनथ जयसूर्या ने पहले ही कहा दिया था कि वह विश्वकप के बाद कोच पद पर नहीं रहेंगे। ऐसे में अब उनके साथ चयनकर्ताओं को भी हटाया जा सकता है। ऐसे में कप्तान दासुन शनाका को भी हटाया जाना तय है। ये भी कहा जा रहा है कि शनाका और राष्ट्रीय चयनकर्ता स्वयं भी पद छोड़ सकते हैं। वहीं बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, ‘टूर्नामेंट में हमारा अभी एक मैच बाकी है। उस मैच के बाद हम बैठकर देखेंगे कि वर्ल्ड कप के दौरान क्या गलत हुआ और फिर जरूरी कदम उठाए जायें।’न्यूजीलैंड के हार के बाद शनाका भी निराश थे। उनका कहना था कि घरेलू दर्शकों के सामने हारना शर्मनाक है। प्रशंसक हमेशा हमारा समर्थन करते रहे हैं। हमने शुरुआत अच्छी की थी पर विरोधी टीम के मिचेल सेंटनर और कोल मैककोन्ची की साझेदारी से मैच हमारे हाथ से निकल गया। गिरजा/ईएमएस 28 फरवरी 2026