ईओडब्ल्यू ने नगर निगम के बाबू को 3 हजार की घूस के साथ रंगे हाथ दबोचा जबलपुर, (ईएमएस)। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के बाबू राकेश शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने की गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। आरोपी बाबू स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पी रामाराव की मेडिकल लीव स्वीकृत करने के बदले पैसों की मांग कर रहा था। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ कर्मचारी पी रामाराव ने अपनी मेडिकल लीव (चिकित्सा अवकाश) स्वीकृत कराने के लिए आवेदन दिया था। इसी काम को पूरा करने के एवज में बाबू राकेश शर्मा ने 3,हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित कर्मचारी ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज कराई। शिकायत की तस्दीक करने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने अपना जाल बिछाया और जैसे ही पीड़ित ने निगम मुख्यालय के सामने ही बाबू को पैसे दिए, टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अजय पाठक / मोनिका / 28 फरवरी 2026/ 04.07