राज्य
28-Feb-2026
...


:: मक्सी से धार जा रहे ट्रक और आयशर पर पुलिस का छापा; 1 करोड़ का मशरूका बरामद, दो चालक गिरफ्तार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की लसूड़िया थाना पुलिस ने शराब माफिया के एक शातिराना डबल गेम का पर्दाफाश करते हुए अवैध बीयर की एक विशाल खेप को अपनी गिरफ्त में लिया है। पुलिस ने एक ही वैध परमिट का दुरुपयोग कर दो अलग-अलग वाहनों में दोगुना माल खपाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। इस सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने बोल्ट सुपर स्ट्रांग ब्रांड की 2800 पेटी बीयर जब्त की है, जिसकी बाजार दर करीब 80 लाख रुपए है। वाहनों सहित कुर्क किए गए कुल मशरूके की कीमत 1 करोड़ रुपए आंकी गई है। डीसीपी कुमार प्रतीक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवास की ओर से अवैध शराब की एक बड़ी खेप इंदौर बायपास होकर धार की तरफ जाने वाली है। पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए होटल 8 पीएम के सामने घेराबंदी की और एक ट्रक व एक आयशर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहन बीयर के कार्टूनों से लबालब भरे पाए गए। चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब दोनों ही चालकों ने परिवहन के लिए एक जैसा ही कागजी परमिट पेश कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए तर्क दिया कि एक गाड़ी खराब होने के कारण माल दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया था, लेकिन तकनीकी जांच में यह दावा पूरी तरह खोखला साबित हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान काशीराम डाबर (38), निवासी पीथमपुर और शेख अजगर (50), निवासी मक्सी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों चालकों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। :: मक्सी वेयरहाउस से जुड़ा है कनेक्शन :: प्रारंभिक जॉंच में सामने आया है कि शराब की यह खेप शाजापुर जिले के मक्सी स्थित एक वेयरहाउस से लोड हुई थी और इसकी बिल्टी नेमावर रोड के एक वेयरहाउस के नाम पर जारी की गई थी। पुलिस अब इस सिंडिकेट की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि वेयरहाउस संचालकों और तस्करी के इस बड़े नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दायरे में आने वाले अन्य संदिग्धों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/28 फरवरी 2026