28-Feb-2026
...


- पुलिस जांच में निकला मिलावटी घी का काला कारोबार गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत संजयग्राम में शनिवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक महिला को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। भारी हंगामे और घेराबंदी के बीच सूचना मिलते ही म्याना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने लेकर आई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अकेली नहीं है, बल्कि उसके साथ ग्वालियर की चार अन्य महिलाएं भी क्षेत्र में सक्रिय हैं। महिला की सूचना पर उसकी अन्य साथियों को भी थाने बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में महिलाओं के पास से भारी मात्रा में घी बरामद हुआ, जो प्रथम दृष्टया मिलावटी पाया गया है। महिलाएं गांव-गांव जाकर असली घी के नाम पर इस मिलावटी घी को बेचने का काम कर रही थीं। पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई पांचों महिलाएं ग्वालियर की रहने वाली हैं। उनके आधार कार्ड के आधार पर पते की पुष्टि की जा रही है और ग्वालियर के संबंधित थानों से उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी मांगी गई है। हालांकि ग्रामीण उन्हें बच्चा चोर समझ रहे थे, लेकिन अब तक की जांच में मामला मिलावटी घी की धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस देर शाम तक महिलाओं से उनके नेटवर्क और घी के स्रोत के बारे में पूछताछ करती रही। -सीताराम नाटानी