28-Feb-2026
...


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में आयुष और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग नरसिंहपुर द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत 12 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक वरिष्ठजनों के लिए समग्र कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तहसील गोटेगांव स्थित वृद्ध आश्रम झौंतेश्वर तथा तहसील करेली के बरमान कला में स्थित आनंदधाम तपोभूमि वृद्धाश्रम आयोजित किए गए। शिविर के दौरान वरिष्ठजनों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमित योगाभ्यास, गतिज (शारीरिक) क्रियाकलाप एवं मानसिक कौशल सुधार संबंधी सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों द्वारा वरिष्ठजनों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संरक्षण के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। वरिष्ठजनों को नियमित योग एवं ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने, संतुलित आहार- विहार अपनाने तथा सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। समग्र कल्याण शिविर के माध्यम से वरिष्ठजनों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया गया। राहुल वासनिक ईएमएस / 28/02/2026