राष्ट्रीय
28-Feb-2026


कांग्रेस सांसद ने किया इसका विरोध पटियाला (ईएमएस)। पंजाब के पटियाला में मौजूद राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ की अकादमिक काउंसिल ने विश्वविद्यालय के नाम से पूर्व पीएम राजीव गांधी का नाम हटाने की सिफारिश की है। प्रस्ताव के अनुसार, विश्वविद्यालय का नया नाम केवल “नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी” रखा जाए है। इस फैसले की पुष्टि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.जयशंकर सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव अकादमिक काउंसिल में पारित हो चुका है और अब इस प्रस्ताव को कार्यकारी परिषद और पंजाब सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। अंतिम फैसला पंजाब की मान सरकार का होगा। इस फैसले का पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने विरोध किया है। उनका कहना है कि यह कदम चुनावों से पहले राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश है। उन्होंने आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर इसतरह के मुद्दे उठाकर राजनीतिक लाभ कमाने का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश में संस्थानों के नाम बदलने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे हमारी ऐतिहासिक विरासत प्रभावित हो रही है। नाम बदलने की मांग पहली बार नहीं उठी है। नवंबर 2024 में अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने भी केंद्र से विश्वविद्यालय का नाम बदलने की मांग की थी। उनका तर्क था कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की पृष्ठभूमि में राजीव गांधी का नाम सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करता है। आशीष दुबे / 28 फरवरी 2026