मनोरंजन
01-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी आने वाली फिल्म सूबेदार के ट्रेलर लॉन्च पर बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने खुलासा किया कि उनके घर में कोई भी उनका फैन नहीं है और उन्हें आज भी पॉकेट मनी अपनी पत्नी सुनीता से मांगनी पड़ती है। अनिल कपूर ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनके लिए घर में सबकुछ आम ही है। उन्होंने कहा, “मेरे घर में कोई भी मेरा फैन नहीं है। आज भी घर से निकलते वक्त जब मैंने कहा कि ट्रेलर लॉन्च पर जा रहा हूं, तो सुनीता ने पूछा कौन सी फिल्म? उसे मेरी प्रोफेशनल लाइफ का जरा भी आइडिया नहीं होता।” अनिल ने हंसते हुए यह भी जोड़ा कि कभी-कभी शूट पर जाने से पहले उन्हें सुनीता से 10–15 हजार रुपये नकद तक मांगने पड़ते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनकी सफलता के पीछे पत्नी सुनीता का सबसे बड़ा योगदान है। अनिल कपूर के मुताबिक, सुनीता ने उनके करियर को स्थिर रखने के लिए अपने जीवन में कई बलिदान दिए हैं। वह उनके काम को समझती हैं और उनके पागलपन को भी सहन करती हैं, इसलिए उन्हें सबसे ज्यादा क्रेडिट मिलना चाहिए। फिल्म ‘सूबेदार’ के बारे में बात करते हुए अनिल कपूर ने बताया कि इस फिल्म में उन्होंने अपने निजी रिश्तों से जुड़ी भावनाओं को चरित्र में उतारा है। उन्होंने कहा कि अपनी बेटियों सोनम, रिया और उनके बीच ऐसा गंभीर पिता-पुत्री वाला रिश्ता नहीं है, बल्कि वे एक-दूसरे के दोस्त जैसे हैं। लेकिन फिल्म में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और त्याग की भावना को दर्शाना चुनौतीभरा था। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ‘सूबेदार’ में अनिल कपूर के साथ राधिका मदान, सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैजल मलिक और मोना सिंह नजर आएंगे। यह फिल्म 5 मार्च को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही है, और अनिल कपूर इसे अपने करियर के सबसे चैलेंजिंग किरदारों में से एक बताते हैं। बता दें कि बॉलीवुड के ‘झक्कास’ स्टार अनिल कपूर 45 साल से ज्यादा समय से इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और उनका स्टारडम आज भी कम नहीं हुआ है। उनकी एक झलक पाने को फैन्स बेताब रहते हैं, लेकिन उनके घर का माहौल बिल्कुल अलग है। सुदामा/ईएमएस 01 मार्च 2026