मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री भाग्यश्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक प्रेरक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने संतुलित तरीके से जीने के आसान सूत्र बताए। उन्होंने कैप्शन में लिखा “जिंदगी के आसान फंडे: खुशी में वादे न करो, दुख में फैसला न करो, गुस्से में जवाब न दो और किसी के दर्द का कारण न बनो।” उनके मुताबिक ये साधारण लगने वाले उसूल जीवन को बेहतर दिशा देने में बेहद कारगर साबित होते हैं। भाग्यश्री ने अपने पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि कई बार हम सरल चीजों को भी जटिल बना देते हैं क्योंकि हम उन्हें ज़रूरत से ज़्यादा करने की कोशिश करते हैं। वे कहती हैं कि किसी भी काम को करते समय मन का शांत और संतुलित होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि जीवन में असली मजबूती और खुशी बाहरी दिखावे से नहीं, बल्कि अंदर की शांति और विचारों की स्पष्टता से आती है। इसलिए इंसान को पहले स्वयं के भीतर स्थिरता लानी चाहिए, तभी वह सही निर्णय ले सकता है। उनका यह प्रेरक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस ने कमेंट कर उनकी बातों से सहमति जताई और उन्हें सकारात्मकता फैलाने के लिए धन्यवाद दिया। भाग्यश्री अक्सर इसी तरह के पोस्ट शेयर करती रहती हैं, जिनमें मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और संतुलित जीवनशैली के महत्व को समझाया जाता है। भाग्यश्री ने भले ही फिल्मों में कम काम किया हो, लेकिन उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक मजबूत पहचान बनाई है। उनकी पहली फिल्म मैंने प्यार किया ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था। इससे पहले वे टीवी शो “कच्ची धूप” में नजर आ चुकी थीं। बाद में उन्होंने अभिनेता हिमालय दसानी से शादी की और परिवार को प्राथमिकता देते हुए लंबे समय तक फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बनाए रखी। हाल के वर्षों में वह फिर से फिल्मों में सक्रिय हुई हैं और थलाइवी, राधे श्याम और किसी का भाई किसी की जान जैसी फिल्मों में सहायक भूमिकाओं में नजर आई हैं। सुदामा/ईएमएस 01 मार्च 2026