पालीकेल्ली (ईएमएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने तीसरे सुपर-8 मैच में जीत के बाद भी कम रन रेट के कारण आईसीसी टी20 विश्व कप से बाहर हो गयी। पाक टीम के पास अधिक अंतर से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने का अवसर था पर वह उसे भुना नहीं पायी। इससे कप्तान सलमान अली आगा खासे नाराज हैं। उन्होंने टीम की कम अंतर से जीत के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने ये भी कहा कि टीम के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी वह और माइक हेसन अपने ऊपर लेते हैं। पाक ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन बनाये और पांच रन से जीत हासिल की पर उन्हें श्रीलंका को 147 या उससे कम रन पर आउट करना जरुरी था। इसमें असफल होने से टीम का सेमीफाइनल का सपना टूट गया। आगा ने माना है कि टीम ने सभी क्षेत्रा में खराब प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच के बाद कहा,”अगर मैं पूरे टूर्नामेंट को देखूं, तो मुझे लगता है कि हमने औसत से नीचे क्रिकेट खेली. हम पूरे टूर्नामेंट में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाये। अगर साहिबजादा फरहान को ज्यादा साथ मिलता, तो बेहतर होता। मध्यक्रम पिछले कुछ सालों से रनों के मामले में कमजोर बना हुआ है, और हमें उस पर ध्यान देना होगा।” साथ ही कहा कि मुख्य कोच माइक के साथ वह इस असफलता की जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने कहा, “हम पिछले चार आईसीसी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके क्योंकि हमने महत्तपूर्ण अवसरों पर सही फैसले नहीं लिए। कोच और मैं इस प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी लेंगे।,” सलमान अली आगा ने यह भी साफ किया कि वे अपनी कप्तानी को लेकर तत्काल कोई फैसला नहीं करेंगे। ईएमएस 01 मार्च 2026