खेल
01-Mar-2026


लाहौर (ईएमएस)। आईसीसी टी20 विश्वकप से पाकिस्तान टीम के बाहर होते ही प्रशंसकों ने अपनी भड़ास टीम पर निकाली है। टीम को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे सुपर-आठ मैच में जीत तो मिली पर टीम सेमीफानल तक नहीं पहुंच पायी। श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को बड़ी जीत चाहिये थी पर वह नहीं मिली। इसके बाद टीम के कप्तान सलमान अली आगा उस समय असहज हो गये जब एक पाक पत्रकार ने उससे पूछ लिया कि आप खुद कप्तानी छोड़ेंगे या फिर बोर्ड आपको हटाएगा? टी20 वर्ल्ड कप में पाक टीम के साथ ही आपका प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में आप नंबर 3 पर उतरे पर रन बनाने में विफल रहे। इसके बाद आगा ने कहा, बिल्कुल ठीक कह रहे हैं आप। मैंने 3 नंबर पर आकर श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में काफी अच्छा खेला था पर इस विश्वकप में अच्छा नहीं खेल पाया। उन्होंने आगे कहा, मेरे विचार से टूर्नामेंट साहिबजादा फरहान के अलावा कोई अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाया। अब हम कुछ समय बाद फैसला लेंगे कि क्या करना है। कप्तान के तौर पर आगा का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा। भारत के खिलाफ पिछले कुछ समय में वे चार मैच हारे हैं। ईएमएस 01 मार्च 2026