01-Mar-2026
...


- त्यौहार की खुशियां मातम में बदलीं गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम तिनस्याई में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खेत पर काम करने गया 17 वर्षीय किशोर कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन ली हैं। दो बहनों के बीच अकेला भाई नीलेश कुशवाह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था, जिसकी मौत से पूरे गाँव में शोक की लहर है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीलेश सुबह अपने खेत पर धनिया की फसल काटने गया था। काम के दौरान प्यास लगने पर वह खेत में बने कुएं से पानी लेने पहुँचा। आशंका जताई जा रही है कि कुएं की मुंडेर पर पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर सीधे नीचे जा गिरा। कुएं में जलस्तर कम होने और भीतर नुकीले पत्थर निकले होने के कारण किशोर के सिर में गंभीर चोट आई। पानी और चोट के कारण उसने कुएं के भीतर ही दम तोड़ दिया। ​परिजनों ने व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद एंबुलेंस और डायल-100 को सूचना दी गई थी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कोई मदद मौके पर नहीं पहुँची। अंततः परिजन स्वयं के निजी वाहन से लहूलुहान नीलेश को लेकर म्याना अस्पताल भागे। बाद में डायल-100 की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। होली के त्यौहार के ऐन वक्त पहले हुए इस वज्रपात से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। म्याना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी