- बस हड़ताल टली, यात्रियों को बड़ी राहत (01पीआर16जीडब्ल्यू) जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर सहित पूरे मध्य प्रदेश के बस यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आज 2 मार्च को प्रस्तावित बस ऑपरेटरों की राज्यव्यापी हड़ताल को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद लिया गया। गौरतलब है कि बस ऑपरेटरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 2 मार्च से हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी, जिससे प्रदेशभर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, यात्रियों की संभावित परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बस संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सरकार की ओर से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद बस एसोसिएशन ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से निकला समाधान.... चर्चा के दौरान बस ऑपरेटरों ने टैक्स, परमिट और अन्य प्रशासनिक मुद्दों से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने और चरणबद्ध समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। सरकार के इस सकारात्मक रुख के बाद ऑपरेटरों ने जनहित में आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया। अब प्रदेशभर में बसें अपने निर्धारित समय और तय रूट पर सामान्य रूप से संचालित होंगी। इससे लाखों दैनिक यात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारिक यात्रियों को राहत मिलेगी। होली पर घर जाना होगा आसान... आगामी होली पर्व को देखते हुए यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। बड़ी संख्या में लोग त्योहार पर अपने गृह नगर जाने की तैयारी कर रहे हैं। यदि हड़ताल होती, तो बस स्टैंडों पर अफरा-तफरी और लंबी कतारों की स्थिति बन सकती थी। सुनील साहू / शहबाज / 29 फरवरी 2026