- रिमांड पर चल रहा आरोपी राजेश तिवारी है पूर्व रेल्वेकर्मी - असलम चमड़े के साथ ही मछली परिवार को सोशल मीडिया पर करता चुका है टारगेट - वीडियो बनाकर करता था वायरल, फिर न करने के ऐवज में की थी लाखो की डील भोपाल(ईएमएस)। निशातपुरा पुलिस ने रेलवे के बर्खास्त कर्मचारी राजेश तिवारी को ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद आगे की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस को नगदी के अलावा दो ग्राम एमडी ड्रग्स व अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। आरोपी ने गोमांस तस्कर असलम चमड़ा के करीबी को ब्लैकमेल करते हुए रुपए की मांग की थी। इसकी डील तीन लाख रुपए में तय हुई थी। पुलिस ने आरोपी को 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले वह एक लाख रुपए ले चुका है। पुलिस ने यह कार्रवाही असलम चमड़ा के करीब शाहजेब उर्फ जिब्बी की शिकायत पर की है। डील करते व नोटों की गड्डी लेते आरोपी का वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस ने उससे रातभर पूछताछ की, लेकिन अधिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है, वहीं उसके मोबाइल को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा है, जिससे कई राज खुल सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उसके मोबाइल में ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई वीडियो हैं। जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच करेगी। पुलिस उससे यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है, कि उसके पास पिस्टल और एमडी ड्रग्स कहां से आई। और वह भोपाल के किन तस्करों के संपर्क में था। रिमांड खत्म होने के बाद रविवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी राजेश तिवारी कई लोगों को ब्लैकमेल कर चुका है, जिसके वीडियो उसके मोबाइल में मिले हैं। - चमड़ा के करीबी जिब्बी को किया था ब्लेकमेल जानकारी के मुताबिक जहांगीराबाद निवासी शाहजेब खान उर्फ जिब्बी गोमांस तस्कर असलम चमड़ा का नजदीकी है। पूर्व रेलकर्मी राजेश तिवारी लगातार शाहजेब खॉन के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर रहा था। वह अपने वीडियो में उसे गोमांस तस्कर और भू-माफिया बताता था। बीती 26 फरवरी को शाहजेब ने इस मामले में निशातपुरा थाने में शिकायत की थी। अपनी शिकायत में उसने कहा था की राजेश तिवारी ने उसे बदनाम न करने के बदले तीन लाख रुपए मांगे हैं। शिकायत के बाद प्लान के अनुसार शाहजेब रकम देने के लिए तैयार हो गया और शुक्रवार देर रात रुपए देने के लिए राजेश तिवारी को निशातपुरा इलाके में बुलाया। वहॉ पुलिस ने उसे नोटों की गड्डी लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के कब्जे से एमडी ड्रग्स के अलावा अवैध पिस्टल, मोबाइल फोन और कई संदिग्ध दस्तावेज व वीडियो भी मिले हैं। - गिरफ्तारी के बाद सामने आये रकम गिनते हुए वीडियो आरोपी राजेश तिवारी की गिरफ्तारी के बाद उसके ब्लेकमेल की रकम लेते हुए वीडियो सामने आये है। इन वीडियो में राजेश और शाहजेब आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। राजेश कह रहा है, कि यह क्या कर रहा है, तू जिब्बी। पूरा आज ही कर देता तो अच्छा होता। जिब्बी जवाब देता है कि मैं क्या बताऊं, पेमेंट का चेक क्लीयर नहीं हो रहा, नहीं तो आज ही पूरा कर देता। जिब्बी पूछता है कि आपके पास कुल कितना पैसा पहुंच गया। राजेश कहता है कि डेढ़ लाख रुपए हो गए हैं। शाहजेब अखबार में लिपटी नोटों की गड्डी राजेश को देता है। इसके बाद राजेश बकायदा गिनने के बाद बताता है कि यह पचास हजार रुपए हैं। कुल डेढ़ हो गए। - दूसरे वीडियो में भी रकम का लेनदेन एक अन्य वीडियो में शाहजेब स्कूटी की डिग्गी से अखबार में लिप्टी नोटों की गड्डी निकालकर राजेश तिवारी को देता नजर आ रहा है। राजेश कहता है कि आज तुमने माहौल बना दिया। शाहजेब कहता है कि आप ही के काम में लगा था भाई साहब। मैंने कैसे दिया है यह पेमेंट, मैं ही जानता हूं। इसके बाद राजेश कहता है कि छोड़ो, तुम्हारे लिए यह कुछ भी नहीं है। तुम चाहो तो एक ही झटके में यह दे सकते हो, लेकिन तुम पता नहीं क्यों नहीं दे रहे हो। शाहजेब कहता है आप हाथ मार लो, यह बड़ी जिम्मेदारी है। रकम को किसी तक पहुंचाना। एक बार गिन लो। - राजेश तिवारी पर दर्ज हो चुका है दुष्कर्म का प्रकरण ब्लेकमेल करने वाले राजेश तिवारी पर रेलवे में नौकरी करते समय एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास का प्रकरण भी दर्ज किया गया है। वह खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता है। वह अक्सर सफेदपोश लोगों के खिलाफ वीडियो अपलोड करता है। मछली गैंग व असलम चमड़ा गैंग के खिलाफ भी उसने कई वीडियो वायरल किए थे। जुनेद / 1 मार्च पुरानी रजिंश में नाबालिगो ने कटर से हमला कर किया हत्या का प्रयास - दोनो पक्षो के बीच हुई मारपीट, दो घायल, एक गंभीर भोपाल(ईएमएस)। पुरानी विधानसभा के सामने कुम्हार मोहल्ला में देर रात पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में एक बार फिर विवाद हो गया। मामले में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुम्हार मोहल्ला निवासी सनी सिंह ठाकुर की दीपक बहादुर थापा से पुरानी रंजिश चल रही है। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे चंपा बाई चौराहे के पास सनी सिंह व दीपक बहादुर का आमना-सामना हो गया। एक दूसरे को देखते हुए दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया। सनी सिंह ने दीपक बहादुर पर डंडे से हमला कर दिया। मारपीट की खबर मिलने पर दीपक थापा के दो नाबालिग बेटे वहां आ गए और पिता पर हमला होता देख उन्होनें सनी सिंह पर लोहे के धारदार कटर से हमला कर दिया। कटर के वार से सनी सिंह की गर्दन व सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने सनी सिंह की चचेरी बहन नेहा सिंह की शिकायत पर दीपक बहादुर थापा व उसके दो नाबालिग बेटों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दीपक बहादुर की ओर से जया विश्वकर्मा (33) की रिपोर्ट पर सनी सिंह के खिलाफ अड़ीबाजी व मारपीट की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। जुनेद / 1 मार्च