क्षेत्रीय
01-Mar-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 719 को सिक्स लेन बनाने में हो रही जानलेवा देरी और भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के विरुद्ध संत समाज के साथ अब कांग्रेस पार्टी ने भी मोर्चा खोल दिया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि इस खूनी हाईवे पर हो रही मौतों के लिए सीधे तौर पर प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने संत समाज द्वारा किए जा रहे आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि जब समाज का मार्गदर्शक संत सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाए, तो समझ लेना चाहिए कि सत्ता के अहंकार ने मानवता की सीमाओं को लांघ दिया है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने केवल खोखले आश्वासन दिए, लेकिन धरातल पर धूल और मासूमों का खून ही नजर आ रहा है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि तत्काल प्रभाव से NH-719 के सिक्स-लेन निर्माण का कार्य शुरू किया जाए, अन्यथा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता को जनता की जान बचाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने आगे कहा कि आज बड़े ही दुख का विषय है कि जिस मार्ग को विकास की जीवनरेखा होना चाहिए था, वह भिंड-ग्वालियर हाईवे (NH-719) आज हमारे क्षेत्र के लिए यमराज का मार्ग बन चुका है। आए दिन यहाँ हमारे भाई-बहन, बुजुर्ग और नौजवान असमय काल के गाल में समा रहे हैं। ये केवल दुर्घटनाएं नहीं हैं, ये भाजपा सरकार द्वारा की गई हत्याएं हैं! आज हमारे पूज्य संत समाज को अपनी साधना छोड़कर जनता की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, यह इस सरकार के लिए डूब मरने की बात है। कांग्रेस पार्टी संत समाज के इस जनहितकारी आंदोलन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। भाजपा सरकार अविलंब सिक्स-लेन का निर्माण शुरू करें अन्यथा कांग्रेस पार्टी जनता की सुरक्षा के लिए उग्र आंदोलन करेगी जिसकी गूँज भोपाल से दिल्ली तक सुनाई देगी।