अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादुरपुर थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने सट्टा खिलाते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 5 लाख रुपए का माल जब्त किया। जब्त किए गए सामान में नकदी, मोबाइल फोन और 12 बाइक शामिल हैं। बहादुरपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीलम सिंह यादव और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इकोदिया हार क्षेत्र में कच्चे रास्ते के किनारे बंजर जमीन पर कुछ लोग सट्टा गतिविधि में शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कई लोग बैठे दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन 8-10 लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। हालांकि, दो व्यक्तियों को सट्टा पर्ची काटते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवनारायण बैरागी (58 वर्ष), निवासी इकोदिया, और झलकन अहिरवार (40 वर्ष), निवासी बरखेड़ा जमाल, के रूप में हुई। पुलिस द्वारा सट्टा संचालन का लाइसेंस मांगे जाने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी के दौरान उनके पास से सट्टा अंक लिखी पर्चियां, 1280 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन, 10 कोरे सट्टा पर्चे, एक प्रिंटेड सट्टा रिकॉर्ड और मौके पर खड़ी 12 बाइक जब्त की गईं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलम सिंह यादव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। ईएमएस / 01/03/2026