क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


:: महिलाओं की शिकायत पर महापौर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। रेवती रेंज क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के बढ़ते आतंक और स्थानीय रहवासियों को परेशान किए जाने के मामले को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। रविवार को क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने महापौर से भेंट कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और असामाजिक तत्वों द्वारा दी जा रही प्रताड़ना की विस्तृत शिकायत की। स्थानीय महिलाओं की व्यथा सुनने के तुरंत बाद महापौर भार्गव ने मौके से ही पुलिस के उच्च अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने पुलिस प्रशासन को दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाकर सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। भेंट के दौरान महापौर ने पीड़ित रहवासियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि नगर प्रशासन और पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्भय होकर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। इस त्वरित हस्तक्षेप से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रकाश/1 मार्च 2026