हाथरस (ईएमएस)। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के बैनर तले यूजीसी बिल एवं एससी-एसटी एक्ट के विरोध में चल रहा धरना रविवार को 23वें दिन भी जारी रहा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैय्या अपने आवास के बाहर समर्थकों के साथ धरने पर बैठे रहे। धरनास्थल पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी समर्थन देने पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समर्थक एवं समाज के लोग मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। उल्लेखनीय है कि संगठन के नेतृत्व में दिल्ली के लिए पदयात्रा प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासन द्वारा पंकज धवरैय्या और उनके समर्थकों को हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद से वे अपने आवास के बाहर ही धरना दे रहे हैं। धरने के 23वें दिन पंकज धवरैय्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से पिंडदान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी से संबंधित प्रावधानों और एससी-एसटी एक्ट में किए गए बदलावों से समाज में विभाजन की स्थिति पैदा हो रही है। धरना जारी रखने की घोषणा करते हुए संगठन ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन चलता रहेगा। ईएमएस / 01/03/2026