क्षेत्रीय
01-Mar-2026


बालाघाट (ईएमएस). किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने एवं उन्हें बिचौलिये और दलालों के शोषण से बचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की व्यवस्था की गई है। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से प्रारंभ कर दिया गया है, यह पंजीयन प्रक्रिया 7 मार्च तक चलेगी। 27 फरवरी तक जिले के 586 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं की बिक्री के लिए अपना पंजीयन करा लिया है। किसानों के पंजीयन के लिए 23 केंद्र निर्धारित कर दिये है। इसके साथ ही ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे में किसानो के पंजीयन का शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिये गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो गत वर्ष से 160 रूपये अधिक है। रबी विपणन सीजन 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए जिले के 586 किसानों का पंजीयन किया गया है। इसमें बालाघाट तहसील के 12, बिरसा तहसील के 169, वारासिवनी के 45, बैहर के 61, परसवाडा के 93, लालबर्रा के 101, कटंगी के 66, खैरलांजी के 27, लांजी 4, तिरोडी 7 एवं किरनापुर का 1 किसान शामिल है। भानेश साकुरे / 01 मार्च 2026