हाथरस (ईएमएस)। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित सादे समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह ने पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले 7 पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर उपनिरीक्षक (ना.पु.) सर्वेश कुमार, रामविनोद सिंह, निहाल बाबू, ऋषिराम शर्मा, महेश चन्द्र, मुख्य आरक्षी (सशस्त्र पुलिस) सियाराम तथा लीडिंग फायरमैन राजकुमार गौतम सेवा निवृत्त हुए। समारोह में अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने विभाग में अपने सेवा अनुभव साझा किए। अपर पुलिस अधीक्षक ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का अमूल्य समय पुलिस विभाग को समर्पित किया और कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने सभी के सुखद, स्वस्थ और शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।उन्होंने आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि कोई समस्या हो तो वे निःसंकोच संपर्क करें, समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही सभी से स्वयं को व्यस्त, स्वस्थ और प्रसन्न रखने का आग्रह किया। समारोह के अंत में सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल एवं रामायण व गीता भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। ईएमएस / 01/03/2026