- होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं बिलासपुर (ईएमएस)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हुड़दंग, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहार की आड़ में माहौल बिगाडऩे वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। आईजी गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि होली आपसी भाईचारे के साथ मनाई जा सके। उन्होंने कहा कि होलिका दहन की शाम से लेकर रंग खेलने के अगले दिन तक संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। आईजी ने नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि उल्लास और उमंग के साथ त्योहार मनाएं, लेकिन दूसरों की खुशियों में बाधा न डालें। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं। पिकेट पॉइंट्स और विशेष चेकिंग बैठक में आईजी ने निर्देश दिए कि रेंज के सभी जिलों में प्रमुख स्थानों पर पिकेट पॉइंट्स स्थापित कर सघन चेकिंग की जाए। गुंडा बदमाशों की निगरानी, अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई और नशीले पदार्थों का सेवन कर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार और अभद्र व्यवहार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। मनोज राज 02 मार्च 2026