- भोजपुरी सिंगर समेत 16 लोग गिरफ्तार नालंदा, (ईएमएस)। बिहार के नालंदा जिले के बिहार थाना इलाके के नकटपुरा गांव में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग और पत्थरबाजी में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना एक वाटर पार्क में हुई जहां एक भोजपुरी सिंगर परफॉर्म कर रहा था। उसके बॉडीगार्ड, बाउंसर और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। इस मामले में पुलिस ने सिंगर समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार सिंगर की पहचान रोशन रोही के तौर पर हुई है। सदर एसडीपीओ-I नूरुल हक ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ऋषिकेश, 19 साल का युवक सुबेलाल कुमार और एक गाड़ी का ड्राइवर घायल हो गए। सभी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बिना इजाज़त के था और इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। पुलिस ने मौके से चार हथियार बरामद किए और तीन क्षतिग्रस्त गाड़ियां ज़ब्त कीं।