क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, बिलासपुर में रविवार को आई.क्यू.ए.सी. के संयोजन में यातायात नियमों के पालन एवं उनकी विस्तृत जानकारी हेतु विशेष व्याख्यान सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे तथा उपनिरीक्षक यातायात उमाशंकर पांडेय ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के आवश्यक नियमों से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि पैदल चलते समय सडक़ के दाहिने ओर चलना चाहिए ताकि पीछे से आने वाले वाहनों से दुर्घटना की आशंका कम हो। उन्होंने हमेशा यूटर्न लेकर ही गंतव्य तक पहुंचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, दोपहिया, तिपहिया व चारपहिया वाहनों में अतिरिक्त सवारी न बैठाने तथा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर ‘श्रेष्ठ नागरिक’ बनने का आह्वान किया। इसके साथ ही सडक़ बाधित कर जन्मदिन जैसे आयोजनों से बचने की अपील की गई। व्याख्यान के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से यातायात नियमों के पालन की शपथ ली। इस अवसर पर नंदलाल चौधरी, असितपाल जुनेजा एवं श्रीकांत सहारे ने यातायात पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया।प्राचार्य डॉ. यू. के. श्रीवास्तव ने आयोजन की सराहना करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. राजकुमार सचदेव, प्रो. प्रेमलता वर्मा, प्रो. बृजकिशोर त्रिपाठी, प्रो. रामेश्वरी बंजारा, प्रो. एल. के. गवेल तथा क्रीड़ाधिकारी ज्योति यादव सहित महाविद्यालय परिवार की सक्रिय उपस्थिति रही। संचालन प्रो. सिद्धांत शर्मा ने किया। मनोज राज 02 मार्च 2026