क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


- मेहनत की कमाई और हजारों का माल हुआ स्वाहा गुना (ईएमएस)।। शहर की पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण आगजनी की घटना सामने आई है, जिसमें बांस से निर्मित सामग्री बेचने वाली दो गुमटियाँ पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। आग इतनी जबरदस्त थी कि दुकान में रखा सारा सामान, जिसमें सूफ, डलिया और झाड़ू सहित अन्य कीमती सामग्री शामिल थी, देखते ही देखते राख में तब्दील हो गई। बूढ़े बालाजी निवासी पीड़ित दुकानदार अंकित वंशकार ने बताया कि वे पिछले डेढ़ दशक से यहाँ दुकान लगा रहे हैं। रविवार को ही उन्होंने करीब 40 हजार रुपये का नया माल खरीदा था, जो इस आग की भेंट चढ़ गया। अंकित के अनुसार, उनकी दुकान में लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, वहीं उनके पास स्थित एक अन्य गुमटी में भी आग लगी है, जिससे पड़ोसी दुकानदार का भी 10 से 20 हजार रुपये का माल जल गया है। दुकानदार ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात शरारती तत्व ने जानबूझकर आग लगाई है। घटना की जानकारी तब मिली जब पास के एक अन्य दुकानदार ने फोन कर उन्हें सूचना दी। पीडि़त पिता-पुत्र जब तक मौके पर पहुँचे, तब तक सब कुछ जल चुका था। गनीमत यह रही कि आग सुबह के समय लगी, यदि यह घटना रात के सन्नाटे में होती तो आग आसपास की अन्य गुमटियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।-सीताराम नाटानी