बिलासपुर (ईएमएस)। अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित पीढिय़ों के संगवारी कार्यक्रम ने शहर में भावनात्मक और प्रेरणादायी माहौल बनाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान, व्यापार विहार में हुए इस संभाग स्तरीय आयोजन में बिलासपुर सहित मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों से आए वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं से संवाद कर अपने जीवन के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि समाज तभी सशक्त होता है जब नई पीढ़ी बुजुर्गों के अनुभवों का सम्मान करती है। उन्होंने इसे पीढयि़ों के बीच की दूरी कम करने वाला अभिनव प्रयास बताया। महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि राज्य शासन वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, आश्रय और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा अटल वयो अभ्युदय योजना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संयुक्त संचालक टी.पी. भावे ने बताया कि वरिष्ठजनों को पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, तीर्थ दर्शन योजना के साथ नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संवाद सत्र ने सभी को भावुक किया, वहीं इंडोर खेल प्रतियोगिताओं में बुजुर्गों और युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। आयोजन को सफल बनाने में विभागीय अधिकारियों, यूनिसेफ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। मनोज राज 02 मार्च 2026