- आचार्यों द्वारा दशमहाविद्या अनुष्ठान बिलासपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के समीप साईंखेड़ा नगर अंतर्गत झिकोली, नर्मदा तट पर स्थित श्रीगुरुकृपा आश्रम में आचार्यों द्वारा दशमहाविद्या एवं श्रीविद्या का वृहद अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन बिलासपुर निवासी धर्मभूषण डॉ. पं. श्रीधर गौरहा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस अवसर पर मोरबी (गुजरात) की सुप्रसिद्ध कथावाचिका एवं अग्निपीठ अखाड़े की प्रथम महिला महामंडलेश्वर साध्वी माता कनकेश्वरी देवी द्वारा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भी आयोजन किया गया है। अनुष्ठान में बिलासपुर से भागवताचार्य पं. संकल्प शुक्ला, आचार्य पं. चिरंजीव पाण्डेय, पं. शिवम पाण्डेय, परिचालक पं. आदित्य बाजपेयी, पं. लव चौबे तथा पं. अभिषेक तिवारी प्रमुख रूप से सहभागिता कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र धूनीवाले दादाजी की तपस्थली के रूप में विख्यात है। आयोजन के प्रमुख आश्रम संचालक साध्वी माता अंजनीदास एवं रामदास जी महाराज हैं, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हो रहा है। डॉ. पं. श्रीधर गौरहा को श्रीविद्या पर शोधग्रंथ श्रीविद्या-रहस्यम् हेतु मानद विद्यावाचस्पति (पीएचडी) तथा दशमहाविद्या पर ग्रंथ महाविद्या-रत्नाकर: के लिए मानद विद्यासागर (डी.लिट्) की उपाधि प्रदान की जा चुकी है। इन ग्रंथों को द्वारका-शारदा एवं बद्रीनाथ ज्योतिषपीठ के शंकराचार्यों द्वारा अनुमोदन भी प्राप्त है। गौरहा ने बताया कि इस अनुष्ठान में काली, तारा, षोडशी, भुवनेश्वरी, त्रिपुरभैरवी, छिन्नमस्ता, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी एवं कमला का वैदिक व तांत्रोक्त विधि से पूजन-हवन होगा तथा अंत में श्रीविद्या राजराजेश्वरी ललिता महात्रिपुरसुंदरी का अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। यह संपूर्ण आयोजन राष्ट्र व लोक कल्याण की भावना से किया जा रहा है। मनोज राज 02 मार्च 2026