क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की मुख्य शाखा टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित राजयोग भवन में ‘विश्व कंप्लीमेंट दिवस’ के अवसर पर एक प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र संचालिका बीके स्वाति दीदी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मनुष्य दूसरों की कमियां देखने में आगे है, पर उनकी अच्छाइयों की सराहना करना भूलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा कॉम्प्लिमेंट केवल तारीफ नहीं, बल्कि आत्मा से आत्मा को जोडऩे वाला सकारात्मक संकल्प है। प्रशंसा के दो शब्द किसी के चेहरे पर मुस्कान और मन में आत्मविश्वास भर सकते हैं। आज के समय में सबसे अधिक आवश्यकता है अच्छे बोल, अपनापन और प्रोत्साहन की।बीके स्वाति दीदी ने बताया कि माता-पिता बच्चों के प्रयासों की सराहना करें, शिक्षक विद्यार्थियों की खूबियों को पहचानें और महिलाएं एक-दूसरे को सहयोग व सम्मान दें, तो समाज में मानसिक सशक्तिकरण स्वत: बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरों के साथ-साथ स्वयं के अच्छे गुणों की भी सराहना करनी चाहिए, जिससे आत्मबल मजबूत होता है और रिश्तों में मधुरता आती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाई-बहनों ने एक-दूसरे को रंग-बिरंगे पुष्प भेंट कर तीन-तीन गुणों के माध्यम से कॉम्प्लिमेंट दिया, जिससे वातावरण उल्लासमय और सकारात्मक हो गया। दीदी ने सभी से प्रतिदिन कम से कम तीन लोगों की सच्ची सराहना करने का आग्रह किया और कहा कि आलोचना की जगह प्रशंसा की संस्कृति अपनाकर संसार को स्वर्ग तुल्य बनाया जा सकता है। मनोज राज 02 मार्च 2026