- सामाजिक व धार्मिक चेतना को बढ़ावा देने पर दिया जोर बिलासपुर (ईएमएस)। भारत विकास परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की कार्यपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में प्रांत पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आगामी वर्ष की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पिछले वर्ष परिषद द्वारा संचालित सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा प्रकल्पों की समीक्षा करना रहा। पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य शिविरों, सेवा गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। सदस्यों ने इन कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। - शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस आगामी वर्ष के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता एवं धार्मिक चेतना से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर विस्तार दिया जाएगा तथा नई इकाइयों को सक्रिय कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर जोर बैठक में विशेष रूप से धार्मिक चेतना के प्रसार एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर परिषद की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। - पदाधिकारियों की रही उपस्थिति बैठक में क्षेत्रीय संयुक्त सचिव पूर्णेन्दु कुमार भट्ट, रीजनल संस्कार प्रमुख अनिल डागा, प्रांतीय अध्यक्ष बृजेश तिवारी, संगठन मंत्री पुरुषोत्तम अग्रवाल, प्रांतीय सचिव नरेश अग्रवाल, प्रांतीय संस्कार प्रमुख राधाकृष्ण एवं संजय द्विवेदी, इकाई अध्यक्ष वेंकटेश्वर तिवारी, इकाई सचिव योगेश मुदलियार, कोषाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राठौड़, फूलचंद साहू, डॉ. गामिनी वर्मा, संदीप साहू, उमाकांत शर्मा, जलेश्वर प्रसाद धुरी, श्रीमती सुनंदा तिवारी, श्रीमती भारती ठाकुर, सत्य प्रकाश वर्मा, सरोज साहू, वर्षा रानी एवं लक्ष्मी श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। मनोज राज 02 मार्च 2026