मनोरंजन
03-Mar-2026
...


- अदिवि शेष–मृणाल ठाकुर की केमिस्ट्री ने जीता दिल मुंबई (ईएमएस)। अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर स्टारर आगामी एक्शन-थ्रिलर डकैत: एक प्रेम कथा का नया रोमांटिक गाना ‘रूबरू’ सोनी म्यूजिक साउथ के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया। गाने की शुरुआत जेल की घंटी की आवाज से होती है, जिसके बाद जेल के भीतर कैदियों और जेलर के बीच घटता एक छोटा-सा दृश्य दिखाया जाता है। इसी माहौल के बीच धीरे-धीरे फिल्म के लीड कलाकारों की एंट्री होती है और उनका रोमांटिक ट्रैक गाने को एक नया रंग देता है। वीडियो में मृणाल ठाकुर को एक अमीर खानदान की लड़की के रूप में दिखाया गया है, जबकि अदिवि शेष एक साधारण और गरीब परिवार के युवक की भूमिका निभा रहे हैं। गाने में मृणाल का छुपकर अदिवि से मिलना और अदिवि का हर पल उनका इंतजार करना कहानी को भावनात्मक गहराई देता है। दोनों कलाकारों की सहज और स्वाभाविक केमिस्ट्री ने गाने को और भी आकर्षक बना दिया है। रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर यूट्यूब पर आए लाखों व्यूज और कमेंट्स यह साबित करते हैं कि दर्शकों ने इस रोमांटिक अंदाज को खूब पसंद किया है। फैंस न सिर्फ अदिवि और मृणाल की ऑन-स्क्रीन बॉन्डिंग की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि मृणाल ठाकुर के लुक ने भी सभी का ध्यान खींचा है। ‘रूबरू’ के बोल भास्कर भाटला रविकुमार ने लिखे हैं। गाने को भीम्स सेसिरोलियो और चिन्मयी श्रीपदा ने आवाज दी है तथा संगीत भी भीम्स सेसिरोलियो ने ही तैयार किया है।फिल्म डकैत: एक प्रेम कथा का निर्देशन शेनिल देव ने किया है। कहानी एक ऐसे प्रेमी जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें युवक अपनी प्रेमिका से हुए विश्वासघात के बाद बदले की राह पकड़ लेता है। फिल्म में निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगे। गाने और ट्रेलर की लोकप्रियता के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और फैंस बेसब्री से इसके इंतजार में हैं। सुदामा/ईएमएस 03 मार्च 2026