क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही जारी कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले व शहर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही त्यौहार के मद्देनजर आवागमन सुचारू बनाये रखने यातायात पुलिस विभाग अमला सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में होली पर्व के मद्देनजर शहर में विशेष जांच एवं कसावट अभियान चलाया गया। “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन, शांति भंग करने की आशंका एवं रात्रि में बेवजह घूमकर अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्याही की गई। अभियान के दौरान यातायात एएसआई मनोज राठौर की अगुवाई में अमले ने लाउड इन्हेलर के जरिये शारदा विहार, पावर हाउस रोड, पाम मॉल के निकट, निहारिका मार्ग में एनाउंन्स किया। लोगों से वाहन को पार्किंग में ही खड़े करने, सड़क पर वाहन न लगाने, नशे में वाहन न चलाने, तीन सवारी नहीं चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करने की अपील की गई। साथ ही बेतरतीब वाहन खड़ी करने पर लॉक लगाने व जुर्माना की कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट वाहनों पर 10 चालानी कार्यवाही, तीन सवारी वाहन चलाने वाले 51 व्यक्तियों पर कार्यवाही, मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में वाहन चलाने वाले 27 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। रात्रि में बेवजह घूमने एवं सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। इसी क्रम में कोरबा जिला पुलिस विभाग के द्वारा धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 28 प्रकरणों में 33 आरोपियों पर कार्यवाही की गई। वहीं धारा 126 (B), 135(3) बीएनएसएस के तहत 83 प्रकरणों में 94 कथित आरोपियों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्यवाही की गई है। कोरबा पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण हेतु इस प्रकार की सघन कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी। कोरबा पुलिस ने अपील करते हुए कहा हैं की सभी नागरिक होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। 03 मार्च / मित्तल