पटना, (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिहार में 8 मार्च को ‘महिला रोजगार दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन सभी जिला मुख्यालयों पर रोजगार उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमी और जीविका दीदियां भाग लेंगी। कार्यक्रम के दौरान महिला रोजगार और उनकी प्रगति को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विभागीय मंत्री श्रवण कुमार नालंदा में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करेंगे। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद राज्य में महिला सशक्तीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2006 में विश्व बैंक से ऋण लेकर स्वयं सहायता समूहों के रूप में ‘जीविका’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 11 लाख 82 हजार स्वयं सहायता समूह गठित किए जा चुके हैं। जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रत्येक को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई है। मंत्री के अनुसार, जिन महिलाओं ने इस राशि से अपना रोजगार शुरू कर लिया है, उनकी समीक्षा के बाद कारोबार के विस्तार के लिए सरकार दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार में आधी आबादी तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही है, जो राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस