गोपालगंज, (ईएमएस)। बिहार के गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड में घोघरी नदी पर रविवार को निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना के बाद ग्रामीण कार्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में गोपालगंज कार्य प्रमंडल-2 के तीन इंजीनियरों कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पुल निर्माण कंपनी बापूधाम कंस्ट्रक्शन के खिलाफ भी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। दरअसल नाबार्ड राज्य योजना के तहत बन रहे इस आरसीसी पुल का एल-041 से एल-039 तक का एक हिस्सा ढलाई के दौरान रविवार को गिर गया था। घटनास्थल पर मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी और विभाग के वरीय पुल सलाहकार को भेजकर जांच की जा रही है। विभाग ने बताया कि सभी कार्यपालक अभियंताओं को पुल निर्माण के पूर्व वरीय पुल सलाहकार से डीपीआर (डिज़ाइन और प्रोजेक्ट रिपोर्ट) जांच करवाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संबंधित अभियंता और संवेदक ने इसका पालन नहीं किया। इसी कारण पुल ढलाई के दौरान गिर गया। पुल निर्माण कार्य सात मार्च 2025 को शुरू हुआ था और इसे आगामी छह मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस