राष्ट्रीय
03-Mar-2026


* अहमदाबाद से दो आरोपी गिरफ्तार, 59 मामलों में देशभर में फैला था जाल अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआईडी क्राइम गांधीनगर ने 39.41 करोड़ रुपये से अधिक की अंतरराज्यीय साइबर ठगी का पर्दाफाश किया है। तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर अहमदाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का देशभर में दर्ज 59 साइबर क्राइम मामलों से संबंध है, जिनमें कुल लगभग रु. 39,41,26,382 की राशि शामिल है। यह गिरोह महाराष्ट्र में 13, कर्नाटक में 10, हरियाणा में 5 तथा दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सक्रिय था। गुजरात में भी इनके खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित महेंद्रभाई गगेरा (पेशा: हेयर सैलून संचालक) और रितेशकुमार भोगीलाल पटेल (पेशा: स्टेशनरी व्यापारी) के रूप में हुई है। दोनों अहमदाबाद के निवासी हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आर्थिक तंगी से जूझ रहे व्यापारियों के बैंक खाते किराए पर लेकर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में 11 से अधिक बैंक खातों की जानकारी मिली है। साइबर क्राइम पोर्टल पर जांच करने पर देशभर की 59 से अधिक शिकायतों से उनका संबंध उजागर हुआ। आरोपी ‘डिजिटल अरेस्ट’, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, ट्रेनिंग फ्रॉड और पार्ट टाइम जॉब फ्रॉड जैसी विभिन्न तरीकों से लोगों को लालच देकर बड़ी रकम ट्रांसफर करवाते थे। कम समय में अधिक मुनाफा देने के झांसे में लेकर लोगों से ठगी की जाती थी। सीआईडी क्राइम गांधीनगर के मुताबिक साइबर अपराध अब अंतरराज्यीय स्तर पर संगठित रूप से संचालित हो रहे हैं और अपराधी लगातार नई-नई तकनीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। इस तरह के गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पैसों के ट्रेल के आधार पर अन्य संदिग्धों तक भी जांच पहुंचाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और पांच लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच जारी है। सतीश/03 मार्च