-आरोपी घर में ताला डालकर फरार, पुलिस कर रही अन्य आरोपियों की तलाश पीलीभीत,(ईएमएस)। भूमि संबंधी विवाद को लेकर दियोरिया थाना क्षेत्र के गांव में किशनपुर में हरिओम की करीब दर्जनभर लोगों ने पीट-पीटकर और कुल्हाड़ी का वार कर हत्या दी थी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने 11 आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने छह आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद तनाव के बीच पुलिस की मौजूदगी में हरिओम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में सन्नाटा पसरा रहा। आरोपी घर छोड़कर भाग गए, जिससे वहां ताला लटका रहा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर में भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। किशनपुर गांव में रहने वाले हरिओम का अपने चचेरे भाई रवि और अन्य से विवाद था। 5 जनवरी को भी रवि व उसके स्वजन ने हरिओम को घेरा था। उस समय रिश्तेदारों ने हस्तक्षेप किया था लेकिन रंजिश बनी रही। रिपोर्ट के मुताबिक रविवार दोपहर को कुछ कपड़े पसंद नहीं आने पर वह बदलने शाम को बाजार गए थे। बाजार से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रवि ने अपने घर के सामने हरिओम को घेर लिया और मारपीट की। इसके बाद हरिओम बचकर निकल आए। बाद में रवि और उसके स्वजन समेत 11 लोगों ने हरिओम पर लाठी, डंडों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। आरोपितों ने हरिओम पर कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़े। हरिओम को बचाने आए बहनोई जसवीर, बहन लता, पत्नी सोनी, बेटी प्रियांशी, कामिनी, मान्या व ऋतु और बेटा कृष्णा, भतीजा अमन पर हमला किया जिससे वह घायल हो गए। इन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देकर हरिओम और जसवीर को जिला अस्पताल रेफर किया था, जबकि बाकी लोगों को घर भेज दिया था। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हरिओम के पिता बनवारीलाल के शिकायत पर रवि, सुनील, गंगाराम, बब्लू, पवन, ज्वाला प्रसाद, अशोक कुमार, मधु, काजल पुत्री गंगाराम, मुल्लो देवी पत्नी जंगबहादुर, अनारा देवी पत्नी गंगाराम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही छह आरोपितों को हिरासत में ले लिया है अन्य की तलाश जारी है। सिराज/ईएमएस 03मार्च26