03-Mar-2026
...


- एसआई को कारण बताओ नोटिस जारी, युवती ने हटाएं फोटो इन्दौर (ईएमएस) सोशल साइट्स पर एक युवती द्वारा पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने के मामले को लेकर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। कारण फोटो में युवती जिस पिस्टल के साथ दिखाई दे रही है वह पिस्टल परदेशीपुरा थाने में पदस्थ एक एसआई की बताई जा रही है। हालांकि मामला उजागर होते ही युवती ने अपने सोशल अकाउंट से फोटो डिलीट कर दिए। लेकिन विभाग ने एसआई को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के अनुसार अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर शिविका नामक एक युवती ने पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट किया था। जांच में सामने आया कि उक्त पिस्टल परदेशीपुरा थाने में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर की है। जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद युवती ने फोटो हटा दिए। एडीसीपी दंडोतिया के अनुसार सोशल मीडिया पर हथियारों का इस तरह खुला प्रदर्शन करना गलत है। हथियारों के उपयोग और प्रदर्शन को लेकर कानून में सख्त प्रावधान हैं और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि डीसीपी कुमार प्रतीक की ओर से संबंधित एसआई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसआई का पक्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं यदि जांच में यह साबित होता है कि सरकारी पिस्टल का इस तरह सार्वजनिक उपयोग किया गया है, तो संबंधित एसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आनंद पुरोहित/ 03 मार्च 2026