हाथरस (ईएमएस)। यूपी के हाथरस जिले में एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि नाती गंभीर रूप से घायल से है। जिले की कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 4ः30 बजे एटा-अलीगढ़ हाईवे पर उमरावपुर गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। एटा से सिकंदराराऊ की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार तीनों को पीछे से टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, खेड़िया खुर्द निवासी किताब श्री (75), उनके बेटे राज बहादुर (50) और नाती संजय (19) जलेसर में रिश्तेदारी में से एक गमी से लौटकर बाइक से अपने गांव जा रहे थे। अमरपुर गांव के पास पीछे से आई स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मां-बेटे की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे एक दुकान में जा घुसी। सूचना मिलते ही आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस-प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए हालात को नियंत्रित किया और घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जितेन्द्र 03 मार्च 2026