क्षेत्रीय
03-Mar-2026


० नियमानुसार त्वरित निराकरण के दिए निर्देश मुंगेली,(ईएमएस)। जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी समस्याएं और मांगों को लेकर पहुंचे। अपर कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्याओं की वस्तुस्थिति जानी और विभागवार अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में राजस्व प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतें, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है और इसमें प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में स्वयं मौके पर जाकर जांच करें तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनदर्शन कार्यक्रम में मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/03 मार्च 2026