क्षेत्रीय
03-Mar-2026


मोहला (ईएमएस)। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मानपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक में तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी टीआई भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया। तहसीलदार ने कहा कि होली रंगों का पर्व है, जिसे सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं कानून का पालन करने की अपील की। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के अवसर पर क्षेत्र में शांतिए सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखना है, ताकि सभी नागरिक उत्साह और उल्लास के साथ त्योहार मना सकें। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/03 मार्च 2026