राज्य
05-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) मानवीय परोपकार की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते इन्दौर के एक परिवार ने अपने वरिष्ठ परिजन की मौत के बाद उनके संकल्प अनुसार ही उनकी देहदान का फैसला लिया। यह मर्मस्पर्शी और सराहनीय फैसला इन्दौर के टेलीफोन नगर निवासी मंगला सहाने की मौत के बाद उनके परिजनों ने लिया है अब दिवंगत मंगला सहाने की मौत दूसरे लोगों की अंधियारी जिंदगी में उजियारा करेंगी। दिवंगत मंगला सहाने ने जीवित रहते हुए जनवरी 2023 में एमजीएम मेडिकल कॉलेज में देहदान का संकल्प पत्र भरकर रजिस्ट्रेशन कराया था। उनके निधन के बाद बेटी जयश्री और दामाद डॉ. प्रमोद बंसोड़ (संयोजक, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ, वीर सावरकर मंडल) ने उनके संकल्प को जिम्मेदारीपूर्वक पूर्ण किया। उनके नेत्र दान एमके इंटरनेशनल आई बैंक में, त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक में और देह दान की प्रक्रिया एमजीएम मेडिकल कॉलेज में हुई। परिजनों के अनुसार उनके नेत्रों से दृष्टिहीनों को नई रोशनी मिलेगी, त्वचा जले हुए मरीजों के उपचार में सहायक होगी और उनका शरीर मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए एनाटॉमी के अध्ययन में अमूल्य योगदान देगा। दिवंगत मंगला सहाने के निवास पर आयोजित अंतिम विदाई के दौरान मध्य प्रदेश शासन की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तकनीकी सेवाएं गोपाल सिरोके और जयवंत निकम की टीम द्वारा प्रदान की गईं। इस अवसर पर भोपाल के सरकारी मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन डॉ. सलिल भार्गव और मुस्कान ग्रुप के सेवादार संदीपन आर्य और जीतू बगानी ने भी उपस्थित होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। आनंद पुरोहित/ 04 मार्च 2026