अंतर्राष्ट्रीय
05-Mar-2026


तेहरान (ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का गुरुवार को छठा दिन है। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री ने श्रीलंका के तट के पास ईरानी युद्धपोत पर हुए अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लिखा, ‘फ्रिगेट डेना, जो भारतीय नौसेना के मेहमान के रूप में करीब 130 नाविकों को लेकर जा रहा था, इस अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में बिना किसी चेतावनी के निशाना बनाया गया। अमेरिका को इसके बुरे नतीजे भुगतने पड़ सकते है। वहीं, अमेरिकी संसद ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने वाला एक प्रस्ताव खारिज किया है। मतदान में प्रस्ताव के पक्ष में 47 और विरोध में 53 वोट पड़े। इसका मतलब यह है कि अब ट्रम्प ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रख सकते हैं। बात दें कि अमेरिका ने भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस देना को श्रीलंका के पास हमला कर डुबा दिया था। श्रीलंका की नौसेना के अनुसार अब तक 87 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 32 लोगों को बचा लिया गया है। खबरों के मुताबिक करीब 60 लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। यह ईरानी जहाज 18 फरवरी को भारत के विशाखापट्टनम में आयोजित 2026 इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) और मिलान -2026 मल्टीलेटरल नेवल एक्सरसाइज में हिस्सा लेने आया था। 25 फरवरी को यह भारत से रवाना हुआ था। जब इस पर हमला हुआ तब यह जहाज दक्षिणी श्रीलंका के गाले शहर से करीब 40 समुद्री मील (करीब 75 किलोमीटर) दूर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका अब तक ईरान के 20 वॉरशिप को समुद्र में डुबो चुका है। आशीष दुबे / 5 मार्च 2026