अंतर्राष्ट्रीय
05-Mar-2026


तेहरान (ईएमएस)। ईरान और अजरबैजान के बीच तनाव बढ़ने की खबरें आ रही है। रिपोर्टों के अनुसार ईरान ने अज़रबैजान के नखचिवन क्षेत्र को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया है। घटना के बाद दक्षिण कॉकस क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। बताया जा रहा है कि 5 मार्च को दोपहर के समय ईरानी इलाके से दो ड्रोन लांच किए गए, जिनका निशाना अजरबैजान का नखचिवन ऑटोनॉमस रिपब्लिक था। रिपोर्ट के अनुसार एक ड्रोन नखचिवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग पर गिरा, जिससे इमारत के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा और वहां आग लगी। वहीं दूसरा ड्रोन शेखराबाद गांव के पास एक स्कूल बिल्डिंग के करीब क्रैश हुआ। हमले में दो आम नागरिक घायल हुए हैं और एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद अजरबैजान सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अज़रबैजानी अधिकारियों ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभुता के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है। अजरबैजान ने ईरान से तुरंत स्पष्टीकरण मांग कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है। घटना के बाद अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत मोजतबा डरमिचिलु को तलब किया। अधिकारियों ने बताया कि ईरानी पक्ष को औपचारिक विरोध दर्ज कराया जाएगा और इस हमले को लेकर कड़ा संदेश दिया जाएगा। अज़रबैजान ने यह भी कहा कि वह अपने हितों और सुरक्षा की रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई का अधिकार रखता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के आसपास धमाके और चमक दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। कुछ यूजर्स का कहना है कि यह हमला ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ है। नखचिवन क्षेत्र भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है क्योंकि इसकी सीमाएं ईरान, तुर्किये और आर्मेनिया से लगती हैं। ऐसे में यहां किसी भी सैन्य कार्रवाई से पूरे दक्षिण कॉकस क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ सकती हैं। अज़रबैजान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अक्सर पाकिस्तान का समर्थन करता रहा है और तुर्किये के साथ उसका रणनीतिक सहयोग भी मजबूत है। हाल ही में अज़रबैजान के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान का दौरा भी किया था। कश्मीर मुद्दे पर भी अज़रबैजान कई बार भारत के खिलाफ बयान दे चुका है, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखा गया है। आशीष दुबे / 05 मार्च 2026